साढ़े तीन लाख की 6.63 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
हरिद्वार, 22 अगस्त (हि.स.)। नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने गश्त के दौरान आरोपित के कब्जे से 6.63 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली रानीपुर पुलिस टीम जमालपुर खुर्द जाने वाले कच्चे रास्ते पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने विपिन पुत्र हरिद्वारी लाल, निवासी विष्णुलोक कॉलोनी, रानीपुर, हरिद्वार को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से 6.63 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। आरोपित का नाम व पता विपिन पुत्र हरिद्वारी लाल, निवासी विष्णुलोक कॉलोनी, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार बताया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला