दावे-आपत्तियों की सुपर चेकिंग के लिए अधिकारियों ने तीन जिलों का किया स्थलीय निरीक्षण
देहरादून, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शनिवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों का स्थलीय निरीक्षण कर दावे-आपत्तियों की सुपर चेकिंग की।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का और उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी ने हरिद्वार जिले का भ्रमण किया। दुम्का ने रानीपुर और झबरेड़ा तथा नेगी ने पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म-6, 7 और 8 की जांच की।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ऊधमसिंह नगर की जसपुर विधानसभा के भाग संख्या 15 तथा रुद्रपुर विधानसभा के भाग संख्या 38 और 87 में फॉर्म-6, 7 और 8 की जांच की। उन्होंने नैनीताल जिले की लालकुआं विधानसभा के भाग संख्या 62 और 71 और हल्द्वानी विधानसभा के भाग संख्या 106 में भी दावे-आपत्तियों से संबंधित प्रपत्रों की सुपर चैकिंग की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों के तहसीलदार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय