एसआईआर अभियान: अगले तीन सप्ताह विशेष सुनवाई पर दें ध्यान, मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश

 


देहरादून, 01 अगस्त (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगले तीन सप्ताह तक विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत चल रही नोटिस और सुनवाई प्रक्रिया पर विशेष फोकस करें। उन्होंने शनिवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी एसआईआर के तहत नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी, एडीएम और एसडीएम कार्यालयों में केवल राजनैतिक दलों के साथ बैठक होने की स्थिति में ही बैठें, अन्यथा फील्ड विजिट का रोस्टर तैयार कर जनता के बीच जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लें।

उन्होंने कहा कि यदि कोई मतदाता किसी कारणवश नोटिस की सुनवाई में उपस्थित नहीं हो पाता है तो उसे पर्याप्त समय देते हुए दूसरी सुनवाई का अवसर उपलब्ध कराया जाए। मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों को निर्देश दिए कि राजनैतिक दलों के साथ सप्ताह में दो बार संवाद कर फीडबैक लिया जाए। उन्होंने मान्यता प्राप्त दलों के साथ-साथ अन्य राजनैतिक दलों के सुझाव भी प्राप्त करने को कहा। साथ ही सीईओ कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को जनपदों का भ्रमण कर मतदाताओं से फीडबैक लेने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने ईआरओ को एईआरओ और बीएलओ से लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर नोटिसों की संख्या 100 से अधिक है, वहां विशेष निगरानी की आवश्यकता है।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का ने सभी ईआरओ को बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ के प्रशिक्षण सत्र क्लस्टर स्तर पर लगातार आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी और ईआरओ उपस्थित रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय