एसआईआर कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, नगर पालिका में भी औचक जांच

 


पौड़ी गढ़वाल, 12 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे निर्वाचन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने एआरओ, एईआरओ, बीएलओ और सुपरवाइजर से मतदाता पुनरीक्षण, दावों-आपत्तियों की सुनवाई और दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की जानकारी ली।

डीएम ने निर्देश दिए कि एसआईआर प्रक्रिया मतदाताओं के लिए सरल और सुगम रखी जाए। दस्तावेजों की जांच के बाद ही उन्हें ऑनलाइन अपलोड किया जाए। जिन मामलों का निस्तारण उसी दिन संभव है, उनका तत्काल निस्तारण करें। अनुपस्थित मतदाताओं को नियमानुसार एक और अवसर देने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद डीएम ने नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता, कर वसूली, ई-ऑफिस और पीएम आवास योजना की समीक्षा की। उन्होंने सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी और लंबित भवन कर की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम ने निर्माणाधीन डॉग पाउंड का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा पात्र लाभार्थियों को पीएम आवास योजना का लाभ समयबद्ध ढंग से देने को कहा। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, ईओ संजय कुमार, सभासद प्रदीप असवाल सहित बीएलओ व सुपरवाइजर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह