एसआईआर के दूसरे चरण में सुनवाई के लिए लगाए जाएंगे विशेष शिविर: मुख्य निर्वाचन अधिकारी
देहरादून, 10 जुलाई (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दूसरे चरण में दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शुक्रवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के आयुक्तों और सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एसआईआर अभियान की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्राफ्ट प्रकाशन,नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के दौरान सुनवाई स्थलों पर बिजली, पेयजल, इंटरनेट, स्कैनर और फोटोकॉपी मशीन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में मानसून के कारण आवागमन प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर आधारित विशेष शिविरों का रोस्टर तैयार किया जाए, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तहसील, नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी सुनवाई शिविर आयोजित किए जाएं।
डॉ. पुरुषोत्तम ने ईआरओ और एईआरओ की सहायता के लिए शिक्षा, राजस्व और अन्य संबंधित विभागों से नोडल अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य में 70 ईआरओ और 800 एईआरओ तैनात हैं तथा जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त एईआरओ नियुक्त करने के प्रस्ताव शनिवार तक भेजने को कहा गया है।
उन्होंने दोनों मंडलों के आयुक्तों को 14 जुलाई से जिलों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उन्हें मतदाता सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदंडे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलाधिकारी उपस्थित थे।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय