उत्तराखंड में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 13 अगस्त तक दर्ज होंगे दावे-आपत्तियां
देहरादून, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के पहले चरण के पूरा होने के बाद मंगलवार को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची जारी कर दी गई। इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित होगी।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने मंगलवार को देहरादून में सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ड्राफ्ट सूची में राज्य के कुल 71,33,785 मतदाता शामिल हैं। इनमें 37,23,614 पुरुष, 34,09,954 महिला और 217 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। इनमें हरिद्वार के सर्वाधिक 12,46,219 मतदाता हैं। इसके बाद देहरादून के 11,90,805, ऊधमसिंह नगर के 11,55,672, नैनीताल के 6,93,325, पौड़ी गढ़वाल के 5,03,468 और अल्मोड़ा के 4,71,938 मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान राज्य के कुल 79,60,762 निर्वाचकों में से 71,33,785 के प्रपत्र डिजिटाइज किए गए। शेष लोगों के प्रपत्र विभिन्न कारणों से प्राप्त नहीं हो सके।
डेटा विश्लेषण के दौरान राज्यभर में 19,04,380 संभावित विसंगतियां चिन्हित की गई हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 27 प्रतिशत है। इन मामलों में नियमानुसार नोटिस जारी कर जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आयोग ने बताया कि 16 जुलाई तक नोटिस तैयार किए जाएंगे, 20 जुलाई तक उनकी छपाई होगी और 25 जुलाई से 17 अगस्त के बीच उनका वितरण किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
निर्वाचन अधिकारियों ने सभी पात्र नागरिकों से प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण जांचने व किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराने की अपील की। आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय