नगर पालिका परिसर में 63 लाख की लागत से बनेगा रजत जयंती पार्क
नई टिहरी, 19 सितंबर (हि.स.)। नगर पालिका नई टिहरी में रजत जयंती पार्क का पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन किया गया। वहीं विधायक निधि से निर्गत सिटी बस सेवा को विधायक किशोर उपाध्याय, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत और हिमालय के प्रख्यात संत डॉ. दुर्गेश आचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सिटी बस से नगरवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
शनिवार को पालिका परिसर में करीब 63 लाख की लागत से निर्मित होने वाले रजत जयंती पार्क का विधायक किशोर और पालिकाध्यक्ष रावत ने पूजा-अर्चना कर निर्माण शुरू कराया। उन्होंने कहा कि राज्य के 25 साल पूरा होने पर सरकार की ओर से यह पार्क बनाया जा रहा है। जिसमें फाउंटेन, कॉफी कॉर्नर, टाइल्स, जिम, लाइटिंग, हाई मास्क लाइट और गेट बनाया जाएगा।
वहीं विधायक निधि से करीब 23 लाख की लागत से क्रय की गई सिटी बस का भी लोकार्पण किया गया। विधायक किशोर ने कहा कि मास्टर प्लान नई टिहरी की समस्याएं हल करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। दोहराया कि इणियां में ही मेडिकल कॉलेज बनेगा। जिसका शिलान्यास चुनाव आचार संहिता से पूर्व होगा। उन्होंने पालिकाध्यक्ष की मांग पर सार्वजनिक प्रयोग के लिए एक इलेक्ट्रिक बस देने का भरोसा दिया।
पालिकाध्यक्ष रावत ने कहा कि न्यूनतम साधनों में शहर का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। लगभग 10 करोड़ की लागत से शहर की सड़कों को चकाचक किया है। आगे और भी कई योजनाएं हैं, जिनका क्रियान्वयन जल्द किया जाएगा। इस मौके पर दायित्वधारी खेम सिंह चौहान, सभासद प्रवेश चौहान, एसआई प्रीतम नेगी, राजेंद्र डोभाल, जयेंद्र पंवार, निर्मला बिजल्वाण, अबरार अहमद, शिव सिंह सजवाण, नीरज खत्री, प्रकाश राणा, सुरेश तोपवाल, कुशला सेमवाल, लक्ष्मी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी