मुख्यमंत्री धामी ने प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

 


-सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान की स्मृति में मनाया गया प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस

देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मंत्रिगण और शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि प्रदेश के सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। विभिन्न स्कूलों और डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया।

आपदा प्रबंधन दिवस के तहत 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में जागरूकता कार्यक्रमों और मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इनका उद्देश्य आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक करने के साथ ही आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को मजबूत करना है।

उल्लेखनीय है कि 28 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को लंबे और चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस सफल अभियान की स्मृति में उत्तराखंड में पहली बार आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जा रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय