दो साल में भव्य स्वरूप लेगा श्रृंग ऋषि आश्रम : धन सिंह

 

पौड़ी गढ़वाल, 11 नवंबर (हि.स.)। दूधातोली पर्वत श्रृंखला में 6500 फीट की ऊंचाई पर स्थित पौराणिक श्रृंग ऋषि आश्रम को अगले दो वर्षों में भव्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

भैया दूज के अवसर पर बुधवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने करीब 12 किलोमीटर पैदल चलकर आश्रम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान 11 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीण भी आश्रम पहुंचे। मंत्री ने यहां भव्य मंदिर, धर्मशाला और श्रृंग ऋषि की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की।

आश्रम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि श्रृंग ऋषि आश्रम धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। इसके सुनियोजित विकास के लिए संबंधित विभागों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए जाएंगे। आश्रम तक सड़क और पैदल मार्ग की सुविधाएं बेहतर बनाने के साथ इसे धार्मिक पर्यटन सर्किट से भी जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि आश्रम के विकास से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे। कार्यक्रम में डूंगरी, घुलेख, रिश्ती, मिजगांव, बगेली, रीखोली, ट्रपाली, कठ्यूड़, गडोली, कुठ और कुचौली समेत आसपास के गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह