कोलकाता युवा प्रकोष्ठ का 800वां साप्ताहिक वृक्षारोपण गायत्री तीर्थ में
हरिद्वार, 01 मार्च (हि.स.)। मानवता के कल्याण और पर्यावरण संतुलन को समर्पित गायत्री परिवार की युवा प्रकोष्ठ (कोलकाता) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को शांतिकुंज हरिद्वार स्थित पावन समाधि स्थल के समक्ष 800वें सप्ताह का रविवासरीय वृक्षारोपण अभियान चलाया। प्रकृति और संस्कृति के समन्वय का यह अभियान वर्ष 2010 में अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय डॉ. प्रणव पण्ड्या व शैलदीदी के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ था, जो विगत 15 वर्षों से अनवरत चल रहा है। अभियान के 800वां रविवार को उत्साहपूर्वक मनाने के लिए कोलकाता युवा प्रकोष्ठ के 50 से अधिक युवा हरिद्वार पहुंचे।
इस मौके पर देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने शांतिकुंज के गेट नं 3 के निकट पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण वास्तव में प्रकृति की आराधना का एक जीवंत मार्ग है। कोलकाता के युवाओं ने जिस निरंतरता और निष्ठा के साथ इस सेवा कार्य को जीवित रखा है, वह अत्यंत सराहनीय है। अभियान के दौरान कोलकाता युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए प्रकृति के प्रति अपनी कटिबद्धता दोहराई। युवा प्रकोष्ठ कोलकाता के रवि शर्मा ने कहा कि आज जब प्रकृति मां प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसे अनेक संकटों से जूझ रही है, तब वृक्ष ही आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षा कवच और समस्याओं का एकमात्र स्थायी समाधान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला