वैदिक मंत्रोच्चार से शुरू हुआ जन्मशताब्दी समारोह का अंतिम दिन
हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। जन्मशताब्दी समारोह के अंतिम दिन की शुरुआत रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। शांतिकुंज के प्रशिक्षित विद्वानों ने सामूहिक रूप से सस्वर वेदपाठ किया। इस दौरान पुरुष सूक्त का लयबद्ध पाठ भी किया गया, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में परिजन उपस्थित रहे।
वेदपाठ के बाद देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, संगीत और मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित हजारों लोगों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।
समारोह के अंतिम दिन सुबह से ही परिसर में बड़ी संख्या में देश-विदेश से आए परिजनों की मौजूदगी रही। वैदिक परंपरा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ अंतिम दिन के विभिन्न सत्रों का क्रम शुरू हुआ। आयोजन स्थल पर अनुशासन और श्रद्धा के बीच कार्यक्रम आगे बढ़ते रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला