शांतिकुंज में श्रावणी पर्व पर रक्षा सूत्र के साथ राष्ट्र रक्षा का संकल्प

 


हरिद्वार, 28 अगस्त (हि.स.)। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में शुक्रवार को श्रावणी पर्व एवं रक्षाबंधन श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। वैदिक मंत्रों और प्रज्ञागीतों के बीच परिजनों ने गुरुसत्ता के प्रति श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव व्यक्त किया।

प्रातःकाल सैकड़ों परिजनों ने राष्ट्र रक्षा और धर्म रक्षा के लिए हेमाद्रि संकल्प लिया। श्रावणी उपाकर्म के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुद्धि अनुष्ठान हुआ।

शांतिकुंज, ब्रह्मवर्चस, देव संस्कृति विश्वविद्यालय और देश-विदेश से आए कार्यकर्ताओं ने अखंड दीप के दर्शन कर पूज्य गुरुदेव और वंदनीया माताजी की पादुकाओं पर श्रद्धा अर्पित की।

रक्षाबंधन पर गायत्री परिवार प्रमुख शैलदीदी और डॉ. प्रणव पण्ड्या ने सभी को रक्षा सूत्र बांधा। यह सूत्र भाई-बहन के प्रेम के साथ परिवार, समाज, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के संकल्प का प्रतीक बना।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला