राम माधव की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प
-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर देहरादून में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’
देहरादून, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने बुधवार को देहरादून में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की। प्रदेश प्रभारी राम माधव की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सेवा कार्यों में जुटे रहने का संकल्प लिया।
परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद पार्टी की महामंत्री दीप्ति रावत ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया। इसके बाद पार्टी नेताओं ने ‘सेवा ज्योति’ प्रज्ज्वलित की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के सामने विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है और इसे हासिल करने में उत्तराखंड भी अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड और देहरादून की धरती से भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी राम माधव के अलावा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और विजय बहुगुणा समेत विधायक तथा पार्टी के प्रदेश एवं महानगर पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद ‘सेवा ज्योति’ के साथ यात्रा परेड मैदान से शुरू होकर दून क्लब होते हुए लैंसडाउन चौक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘विकसित भारत, राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के नारे लगाए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश के अन्य जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए। राम माधव का पांच दिन के भीतर देहरादून का यह दूसरा दौरा है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय