उनियाल गांव-कद्दूखाल में खुदाई करने वाले व्यक्ति को नोटिस भेजें
नई टिहरी, 18 अगस्त (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की जिला स्तरीय समिति की बैठक में जिले में भूस्खलन, पेयजल, सड़क, पशुधन, पुनर्वास से संबंधित प्रकरणों पर चर्चा की गई। डीएम ने समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि आपदा संबंधी कार्याे में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में धनोल्टी के ग्राम उनियाल, कद्दूखाल के समीप हुए भूस्खलन के संबंध में एसडीएम कमलेश मेहता ने बताया कि अधिकांश भूमि निजी है एवं एक छोटा हिस्सा सरकारी भूमि का है। निजी व्यक्ति की ओर से खुदाई के कारण भूमि में अस्थिरता उत्पन्न हुई है। डीएम ने संबंधित निजी व्यक्ति को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कार्यों से पूर्व स्थल की जांच के लिए भू-वैज्ञानिक, लोनिवि ईई, सिंचाई विभाग की संयुक्त समिति गठित करने के निर्देश दिए। लोनिवि थत्यूड़ के ईई को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देने, लैंड स्टेबिलाइजेशन के कार्य कराने के निर्देश दिए।
सी-ब्लॉक नई टिहरी में हुए भूस्खलन, जल संस्थान से संबंधित हर घर जल के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। पीएमजीएसवाई के सतेगल मोटर मार्ग के किमी 1 और 6 स्थित मरोड़ा-बनाली-कुंड मोटर मार्ग के स्थायीकरण संबंधी कार्यों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने सभी विद्यालयों में पेयजल की समुचित आपूर्ति करने के निर्देश दिए। सीवीओ डॉ डीके शर्मा ने बताया कि सभी ब्लॉकों एवं निकायों में कैटल कैचर की व्यवस्था की जानी जरूरी है। इस मौके पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, लोनिवि के एसई केएस नेगी, पुनर्वास विभाग से राकेश थपलियाल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी