एस.एम.जे.एन. कॉलेज के छह विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार के लिए चयन
हरिद्वार, 30 सितंबर (हि.स.)। एस.एम.जे.एन. पीजी कॉलेज के छह मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्तराखंड सरकार की मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार योजना के तहत चयन हुआ है। वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में लगातार तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। चयनित विद्यार्थियों को कुल 2.15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में उर्वशी (एम.कॉम.) और हर्षित प्रजापति (बीएससी) को 30-30 हजार रुपये, जबकि दिव्या त्रिवाल (बी.कॉम.) को 15 हजार रुपये मिलेंगे। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में विधि गौतम (एम.कॉम.) को 60 हजार, पलक अग्रवाल (बी.कॉम.) को 50 हजार और निष्ठा शर्मा (बी.कॉम.) को 30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों से होती है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्र पुरस्कार विद्यार्थियों की व्यक्तिगत सफलता का सम्मान करने के साथ ही उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्वों के लिए प्रेरित करता है।
प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि लगातार दो वर्षों में तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन महाविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन विद्यार्थियों में नई ऊर्जा व आत्मविश्वास का संचार करता है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला