सचिवालय सुपर लीग 2026 : हरिकेन ने विंग्स को 99 रन से हराया

 


देहरादून, 10 अप्रैल (हि.स.)। सचिवालय सुपर लीग में शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन देखने को मिला। पहले मैच में सचिवालय हरिकेन ने सचिवालय विंग्स को 99 रनों से करारी शिकस्त दी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हरिकेन की टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। अनुज चमोली ने शानदार 45 रन बनाए, जबकि कपिल गंगवार ने 24 रनों का योगदान दिया। विंग्स की ओर से कृष्ण कांत उनियाल ने 2 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंग्स की टीम 10 ओवर में महज 48 रन पर सिमट गई। देवेंद्र सिंह रावल ने 15 रन बनाए। हरिकेन की ओर से अनुज चमोली ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दिन के दूसरे मुकाबले में पैंथर ने सुपर किंग्स को 101 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पैंथर टीम ने 188 रन बनाए, जिसमें प्रमोद नेगी ने 63 रनों की बेहतरीन पारी खेली। सुपर किंग्स की ओर से नवीन, शैलेन्द्र और ललित नौटियाल ने 2-2 विकेट लिए।

जवाब में सुपर किंग्स की टीम 87 रन पर ऑल आउट हो गई। नरेश ने 16 रन बनाए। पैंथर की ओर से हितेश क्षेत्री ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय