उत्तराखंड में लोकायुक्त अध्यक्ष एवं सदस्यों के चयन के लिए खोजबीन समिति गठित

 


देहरादून, 13 जून (हि. स.)। उत्तराखण्ड में लोकायुक्त के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने पांच सदस्यीय खोजबीन समिति (सर्च कमेटी) का गठन किया है।

सचिव कार्मिक एवं सतर्कता शैलेश बगौली की ओर से इस संबंध में जारी पत्र में कहा गया है कि उत्तराखंड लोकायुक्त अधिनियम, 2014 के तहत गठित चयन समिति की 4 जून 2026 को हुई बैठक में विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया। समिति का दायित्व लोकायुक्त के अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए योग्य व्यक्तियों के नामों का पैनल तैयार कर चयन समिति को उपलब्ध कराना होगा।

सर्च कमेटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति आलोक वर्मा होंगे। समिति में सेवानिवृत्त मुख्य सचिव इन्दु कुमार पाण्डेय, सुभाष कुमार और राधा रतूड़ी सदस्य बनाए गए हैं। दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल को भी सदस्य नामित किया गया है।

समिति उत्तराखण्ड लोकायुक्त अधिनियम, 2014 की धारा 4(4) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नामों का पैनल तैयार कर चयन समिति के अध्यक्ष को सौंपेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय