मवेशी चराने गई महिला की खाई में गिरने से मौत

 


नैनीताल, 24 जुलाई (हि.स.)। अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे से सटे औलिया गांव में मवेशी चराने गई एक महिला की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई से शव बरामद किया।

मृतका की पहचान औलिया गांव निवासी 48 वर्षीय बचुली देवी के रूप में हुई है। मवेशियों को लेकर वह गांव से सटे जंगल में बृहस्पतिवार सुबह गई थीं, लेकिन देर तक घर नहीं लौटीं। दोपहर में पति गोधन सिंह के घर पहुंचने पर पत्नी के नहीं मिलने से चिंता बढ़ी। काफी इंतजार के बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ जंगल में खोजबीन शुरू की। सूचना मिलने पर प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और देर शाम महिला का शव गहरी खाई से बरामद किया गया।

ग्रामीणों और प्रशासन की संयुक्त खोजबीन के दौरान बचुली देवी करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में बेसुध अवस्था में दिखाई दीं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की छड़ा इकाई ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने कठिन और जोखिम भरे रास्ते से नीचे उतरकर महिला तक पहुंचने का प्रयास किया।

एसडीआरएफ के जवानों ने तीखी चट्टानों और दुर्गम रास्ते के बीच ग्रामीणों की मदद से अभियान चलाया। हालांकि टीम के नीचे पहुंचने तक महिला की मौत हो चुकी थी। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी