रुद्रप्रयाग में एसडीआरएफ ने दो पांच यात्रियों को बचाया

 


रुद्रप्रयाग, 16 जून (हि.स.)। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने रुद्रप्रयाग जनपद में दो अलग-अलग रेस्क्यू अभियानों में एक घायल व्यक्ति और चार फंसे यात्रियों को सुरक्षित बचाया।

पहली घटना रुद्रप्रयाग पेट्रोल पंप के समीप हुई। एक व्यक्ति लगभग 30 मीटर गहरी खाई में गिरकर घायल हो गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट रतुड़ा से अपर उपनिरीक्षक हरीश बंगारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया, जिसने उसे अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान सुखदेव सिंह भंडारी (पुत्र अवतार सिंह भंडारी), निवासी पाबौ, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।

दूसरी घटना केदारनाथ पैदल मार्ग की है, जहां चार युवक शॉर्टकट के चक्कर में मुख्य मार्ग से भटककर नदी के दूसरे किनारे दुर्गम क्षेत्र में फंस गए। सोमवार रात करीब 10:35 बजे सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट लिनचोली की टीम हेड कांस्टेबल भारत सिंह और हेड कांस्टेबल मोहन सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर यात्रियों का पता लगाया और घने अंधेरे व कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बीच सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।

रात्रि अधिक होने और आगे का रास्ता जोखिमपूर्ण होने के कारण यात्रियों को लिनचोली में ही सुरक्षित ठहराया गया। बचाए गए यात्रियों में साहिल कुमार, सुजीत कुमार और हिमांशु निवासी वैशाली (बिहार) व रूपेश निवासी अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय