धनोल्टी और नैनबाग के लोगों को ऑनलाइन एसडीएम कोर्ट की सुविधा

 

नई टिहरी, 20 अगस्त (हि.स.)। टिहरी जिले की धनोल्टी और नैनबाग तहसील क्षेत्र के लोगों को अब एसडीएम कोर्ट की साप्ताहिक सुनवाई के लिए बार-बार तहसील मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। प्रशासन ने प्रत्येक शुक्रवार को ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई में शामिल होने की सुविधा शुरू की है। इससे दूरदराज क्षेत्रों के लोग घर बैठे अपने प्रकरण की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे।

शुक्रवार को धनोल्टी और नैनबाग तहसील परिसर में नियमित साप्ताहिकऑनलाइन सुनवाई में लोग सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक शामिल हो सकेंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से गूगल मीट का लिंक जारी किया गया है। प्रशासन ने गूगल मीट का लिंक- https://meet.google.com/cgj-rcvi-bsf इस कार्य के लिए जारी किया है।

धनोल्टी में उपजिलाधिकारी का पद रिक्त होने के कारण वर्तमान में टिहरी के एसडीएम कमलेश मेहता प्रभारी व्यवस्था देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों तहसील क्षेत्रों के लोगों की सुविधा को देखते हुए ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था शुरू की गई है। तहसील परिसर में प्रत्यक्ष सुनवाई पूर्ववत जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी