नशे में स्कूल बस चलाने वाला चालक गिरफ्तार, जेल भेजा

 


हरिद्वार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर मंगलवार को यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर मॉडिफाइड बसों और बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान नशे की हालत में स्कूल बस चलाते मिले चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

चेकिंग के दौरान एक स्कूल बस का चालक नशे का सेवन कर वाहन चलाता मिला। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने तत्काल बस रुकवाई। बस में सवार स्कूली बच्चों को सुरक्षित दूसरी स्कूल बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। वहीं, संबंधित चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस, सीपीयू और परिवहन विभाग की टीमों ने दोपहिया व चारपहिया वाहनों समेत विभिन्न वाहनों की जांच की। नियमों के उल्लंघन पर कुल 298 चालान किए गए, जबकि सात बसों को सीज किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन, निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफिकेशन और नशे में ड्राइविंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी के निर्देश पर स्कूली वाहनों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान में सीओ यातायात बिपेंद्र कुमार, एआरटीओ निखिल शर्मा, एआरटीओ नेहा झा, यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी सहित यातायात पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस और परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने, निर्धारित मानकों के अनुसार वाहन चलाने और नशे की स्थिति में वाहन न चलाने की अपील की है। स्कूल बस संचालकों और चालकों को भी बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की हिदायत दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला