द पेसल वीड स्कूल की बास्केटबॉल टीम बनी सीबीएसई क्लस्टर अंडर-17 चैंपियन

 


देहरादून, 21 अगस्त (हि.स.)। द पेसल वीड स्कूल की बास्केटबॉल टीम ने सीबीएसई क्लस्टर अंडर-17 बास्केटबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी पांच मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के पहले चरण में टीम ने मेयूर स्कूल नोएडा को 38-17, क्वार्टर फाइनल में सेंट एंड्रयू स्कूल आगरा को 32-26 और नॉकआउट मुकाबले में डीपीएस नोएडा को 42-32 से हराया। सेमीफाइनल में मेरठ पब्लिक स्कूल को 38-35 और फाइनल में नेहरू वर्ल्ड स्कूल गाजियाबाद को 33-28 से पराजित कर चैंपियनशिप जीती।

विद्यालय के अनुसार यह सफलता वर्षों से चल रहे नियमित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। कोच शिवम पंवार के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने फिटनेस, रणनीति और खेल कौशल पर लगातार अभ्यास किया।

टीम की हालिया उपलब्धियों में डीपीएसजी बास्केटबॉल टूर्नामेंट में प्रथम स्थान,आईपीएससी 2026 बास्केटबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन और जिला स्तरीय अंडर-19 प्रतियोगिता का खिताब शामिल है।

विद्यालय के चेयरमैन डॉ.प्रेम कश्यप ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि चैंपियन केवल फाइनल के दिन नहीं बनते, बल्कि निरंतर अभ्यास,अनुशासन और कठिन परिश्रम से तैयार होते हैं। प्रधानाचार्य ने भी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय