श्री सीमेंट ने चार विद्यालयों में बांटे स्कूल बैग

 




हरिद्वार, 06 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा को बढ़ावा देने और सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से श्री फाउंडेशन ट्रस्ट (श्री सीमेंट लिमिटेड) ने क्षेत्र के चार सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। नए बैग पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर ऊद, मिडिल स्कूल अकबरपुर ऊद, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर तथा प्राथमिक विद्यालय पीपली के विद्यार्थियों को स्कूल बैग प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान श्री फाउंडेशन ट्रस्ट के एचआर हेड शिवराज ने कहा कि सरकारी स्कूलों में घटते नामांकन और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता को देखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल स्कूल बैग वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में शिक्षा सामग्री, कंप्यूटर शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर बच्चों की पढ़ाई को और बेहतर बनाना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयासों से सरकारी विद्यालयों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ेगा और अधिक बच्चे इन स्कूलों में प्रवेश लेंगे।

विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने श्री फाउंडेशन ट्रस्ट एवं श्री सीमेंट प्रबंधन की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कदम बताया। इस अवसर पर सुरक्षा विभाग से संजीव शर्मा, मेडिकल विभाग से कैलाश चंद सहित श्री सीमेंट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला