उत्तराखंड के सभी विद्यालयों में धूमधाम से मनाई जाएगी अंबेडकर जयंती

 


देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयी शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

कार्यक्रमों के तहत छात्र-छात्राओं को डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान से अवगत कराया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने कहा कि अंबेडकर जयंती मनाने का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को उनके विचारों और मूल्यों से जोड़ना है। इससे छात्रों में सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में प्रतिदिन ‘वंदे मातरम्’ का गायन अनिवार्य किया गया है। यह निर्णय केंद्र सरकार और यूजीसी के निर्देशों के तहत लिया गया है, जिससे युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को और सशक्त किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय