गोविंद बल्लभ पंत जयंती पर होंगी निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं

 

पौड़ी गढ़वाल, 05 सितंबर (हि.स.)। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती 10 सितंबर को जनपद में धूमधाम से मनाई जाएगी। जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर और जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को जिले के सभी विद्यालयों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर निबंधभाषण प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जयंती समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। वहीं, जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में नुक्कड़ नाटक, भाषण और निबंध प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में संस्कृति विभाग को कलेक्ट्रेट परिसर और घुड़दौड़ी स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा स्थल पर व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, संस्कृति विभाग की प्रबंधक सरिता सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से प्रीति डिमरी, शिक्षा विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जुयाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह