सरदार पटेल ने रियासतों का एकीकरण कर मजबूत भारत की नींव रखी : पुष्कर सिंह धामी
देहरादून, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देहरादून के घंटाघर स्थित भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देश की 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
धामी ने कहा कि देश के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने एक सशक्त और एकजुट भारत की नींव रखी, जिसे देशवासी हमेशा याद रखेंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, महापौर सौरभ थपलियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय