संस्कृत ज्ञान प्रतियोगिता में शिवडेल स्कूल प्रथम, सरस्वती विद्या मंदिर द्वितीय
हरिद्वार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। संस्कृत भारती, जनपद हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित संस्कृत, संस्कृति ज्ञान प्रतियोगिता 2026 का पुरस्कार वितरण समारोह श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित किया गया।
प्रतियोगिता में शिवडेल स्कूल, बीएचईएल ने प्रथम, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बीएचईएल ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ज्वालापुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, हरिराम आर्य इंटर कॉलेज, मायापुर और ज्वालापुर इंटर कॉलेज को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
संस्कृत भारती के प्रेमचन्द्र शास्त्री ने कहा कि संस्कृत केवल प्राचीन ग्रंथों की भाषा नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन, साहित्य, अध्यात्म और जीवन-मूल्यों की संवाहिका है। संस्कृत में संवाद करने से आत्मविश्वास बढ़ता है और विचारों को स्पष्टता के साथ व्यक्त करने की क्षमता विकसित होती है।
संस्कृत भारती के प्रांत संगठन मंत्री गौरव शास्त्री ने कहा कि संगठन का उद्देश्य संस्कृत को विद्यालयों और विद्वानों तक सीमित रखने के बजाय प्रत्येक घर और परिवार तक पहुंचाना है। श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रवीन्द्र कुमार ने संस्कृत की प्राचीनता, वैज्ञानिकता, साहित्यिक समृद्धि और सांस्कृतिक महत्त्व पर प्रकाश डाला।
संस्कृत भारती के सह प्रांत मंत्री डॉ. वेदव्रत ने कहा कि संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित प्रतियोगिताएं नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सर्वेश और डॉ. शिवदेव ने किया। इस अवसर पर देशराज शर्मा, विवेक, शिवम, अंकित, गोपाल सहित अनेक विद्वज्जन, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला