संस्कृत बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित, हाईस्कूल में 92 और इंटर में 88.48 फीसदी छात्र उत्तीर्ण
देहरादून, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड की 10वीं (पूर्वमध्यमा) और 12वीं (उत्तरमध्यमा) कक्षाओं के परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। हाईस्कूल में 92 और इंटर में 88.48 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। राज्य के संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पश्चिम बंगाल से वर्चुअली जुड़कर परिणाम जारी किया।
मंत्री रावत ने बताया कि परीक्षा वर्ष 2026 में कुल 1775 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे, जिनमें हाईस्कूल में 950 और इंटरमीडिएट में 825 परीक्षार्थी थे। इस वर्ष हाईस्कूल का परीक्षाफल 92 प्रतिशत जबकि इंटरमीडिएट का 88.48 प्रतिशत रहा। उन्होंने सफल छात्रों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए असफल विद्यार्थियों को निराश न होकर पुनः प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने समय पर परीक्षा परिणाम जारी करने पर विभागीय अधिकारियों और परीक्षा से जुड़े कार्मिकों की सराहना की। संस्कृत शिक्षा (प्रभारी) निदेशक कंचन देवराड़ी ने बताया कि परीक्षा परिणाम को पारदर्शिता के साथ घोषित किया गया है और इसे विभागीय वेबसाइट व डिजिलॉकर पर अपलोड कर दिया गया है।
संस्कृत शिक्षा (प्रभारी) निदेशक कंचन देवराड़ी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा का परीक्षाफल आज संस्कृत निदेशालय (देहरादून) में घोषित किया गया। उन्होंने बताया कि विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में इस वर्ष की परिषदीय परीक्षा को तय समय सीमा के अंतर्गत पूरा किया गया। परीक्षा का परीणाम विभागीय वेबसाइट व डीजीलाॅकर पर अपलोड कर दिया गया है, जहां से छात्र-छात्राएं सुविधानुसार अपना-अपना परीक्षा परिणाम देख सकेंगे।
इस अवसर पर सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक गैरोला, सचिव उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद पद्माकर मिश्र, संयुक्त निदेशक संस्कृत शिक्षा मंजू भारती, उप निदेशक संस्कृत शिक्षा वाजश्रवा आर्य तथा उप निदेशक माध्यमिक शिक्षा जगदीश प्रसाद सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
10वीं परीक्षा में रुद्रांश उनियाल ने किया टाॅप
उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद की 10वीं बोर्ड परीक्षा की श्रेष्ठता सूची में श्री परशुराम चतुर्वेद विद्यालय भगवान राम, परशुराम मंदिर प्रकाशनगर देहरादून के छात्र रूद्रांश उनियाल ने 88.2 फीसदी अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया जबकि 87.4 प्रतिशत अंक हासिल कर गुरूकुल संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय ज्वालापुर, हरिद्वार के छात्र प्रिंस पुण्डीर ने द्वितीय स्थान पर प्राप्त किया। वहीं श्री परशुराम चतुर्वेद विद्यालय भगवान राम, परशुराम मंदिर प्रकाशनगर देहरादून के छात्र अनमोल तथा दुर्गादत्त कपिलाश्रमी संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय हल्द्वानी के छात्र प्रकाश चन्द्र पाठक ने 86-86 फीसदी अंक लाकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
12वीं परीक्षा में सक्षम प्रसाद अव्वल
इसी प्रकार इंटरमीडिएट में जयदयाल अग्रवाल संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय श्रीनगर के छात्र सक्षम प्रसाद ने 93.4 प्रतिशत अंक लाकर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। वहीं गुरूकुल संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय ज्वालापुर हरिद्वार के छात्र अर्जुन कुमार ने 90.8 फीसदी अंक लाकर श्रेष्ठता सूची में दूसरे स्थान प्राप्त किया। जबकि तीसरे स्थान पर द्रोणस्थली आर्ष कन्य गुरूकुल विद्यालय देहरादून की छात्रा अदिति जांगिड़ ने 88.6 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय