किसी भी दशा में न हो सफाई कर्मचारियों का उत्पीड़न: मकवाना
लक्सर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग उत्तराखंड के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने हरिद्वार जिले के नगर पालिका परिषद सभागार, लक्सर में सफाई कर्मचारियों को मिल रही सुविधाओं, सरकार की योजनाओं और लंबित समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में उन्होंने नगर पालिका एवं नगर पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यावरण मित्रों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई कर्मचारियों का किसी प्रकार का उत्पीड़न न हो तथा सभी कार्मिकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। जो कर्मचारी पिछले 10 वर्षों से संविदा पर कार्यरत हैं, उनके नियमितीकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। साथ ही आउटसोर्स माध्यम से रखे गए संविदा एवं पीआरडी कर्मियों को समान वेतन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि समाज कल्याण विभाग के माध्यम से ऋण के लिए किए गए आवेदनों में से केवल 36 लाभार्थियों को ही ऋण स्वीकृत हुआ है, जबकि 85 आवेदन बैंक स्तर पर लंबित हैं। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों के आयुष्मान एवं गोल्डन कार्ड बनवाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राम सिंह, सुरेश चंद्र, अधिशासी अधिकारी मोहम्मद कामिल, सुल्तानपुर नगर पंचायत की ईओ प्रियंका ध्यानी सहित विभिन्न नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिकारी, सफाई यूनियन पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला