समाधान दिवस में 126 शिकायतें दर्ज, बुजुर्गों के उत्पीड़न पर कार्रवाई के निर्देश
देहरादून, 05 अक्टूबर (हि.स.)। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में जनता की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 126 शिकायतें दर्ज की गईं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
एडीएम ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की और प्राथमिकता के आधार पर उनके निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में बुजुर्गों के उत्पीड़न,अवैध कब्जे,अवैध निर्माण, क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल और आपदा से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
73 वर्षीय मदनलाल भल्ला ने बेटे पर बुजुर्गावस्था में देखभाल नहीं करने का आरोप लगाया। प्रशासन ने मामले में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। वहीं 74 वर्षीय विधवा रेणुका खनका ने बहू पर पैतृक संपत्ति हड़पने, मारपीट और देखभाल नहीं करने का आरोप लगाया। मामले में सीओ रायपुर और महिला सेल को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गायत्री विहार में बुजुर्ग दंपती की संपत्ति पर अवैध कब्जे और एमडीडीए के सीलिंग आदेशों के अनुपालन नहीं होने की शिकायत पर प्राधिकरण को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सेवाकलां में पुश्तैनी भूमि पर कब्जे और धमकी की शिकायत पर एसडीएम सदर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रेसकोर्स क्षेत्र में नियम विरुद्ध तीन मंजिला व्यावसायिक भवन निर्माण की शिकायत पर एसडीएम सदर और पुलिस क्षेत्राधिकारी को स्थलीय निरीक्षण के आदेश दिए गए।
इंद्रलोक कॉलोनी में सीवर लाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए जल निगम तथा खुड़बुड़ा में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत पर जल संस्थान को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रानीपोखरी में पुराने पेयजल कनेक्शनों और शुल्क में अनियमितता की शिकायत की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
आशारोड़ी-झाझरा हाईवे निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर एनएचएआई को जांच के निर्देश दिए गए। चकराता के खारसी मोटर मार्ग और कोल्डपानी सत्तौर में भू-कटाव की रोकथाम के लिए पीडब्ल्यूडी और एसडीएम को रिपोर्ट देने को कहा गया। कालसी के कामला स्थित हड्डियागाड़ में बारिश से क्षतिग्रस्त पुलिया की शिकायत पर एसडीएम कालसी को स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए।
कुडियाल ग्राम पंचायत में आपदा से क्षतिग्रस्त हाथी सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा प्रकाश पंत मार्ग से एयरपोर्ट तक जंगली हाथियों से बचाव के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए। आर्थिक तंगी, बच्चों की शिक्षा और उपचार के लिए सहायता मांगने वाले आवेदकों के मामलों में संबंधित एसडीएम को जांच के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय