समाज की एकता और शिक्षा से ही होगा चहुंमुखी विकास : कल्पना सैनी

 


रुड़की, 01 नवंबर (हि.स.)। रुड़की स्थित ग्रैंड वेदांतम में रविवार को सैनी समाज की ओर से दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने समाज की एकता और शिक्षा को विकास का आधार बताते हुए लोगों से संगठित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि कल्पना सैनी ने कहा कि समाज की एकता से ही चहुंमुखी विकास संभव है। दीपावली जैसे पर्व सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर सामूहिक विकास में योगदान देने की अपील की।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे एमईएस के सेवानिवृत्त एडीसी महानिदेशक राकेश कुमार सैनी ने कहा कि शिक्षा और संगठन ही समाज की प्रगति के प्रमुख आधार हैं। युवाओं को उच्च शिक्षा और तकनीकी ज्ञान हासिल करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सैनी समाज के इतिहास और योगदान का उल्लेख करते हुए एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।

आयोजक इंजीनियर सौरभ सैनी ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। भगवान राम के अयोध्या लौटने पर दीप जलाकर स्वागत करने की परंपरा से इस पर्व की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम का संचालन शशि कुमार सैनी ने किया। इस अवसर पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के राज्यमंत्री आदेश सैनी, गन्ना राज्य मंत्री अनुज सैनी, नगर पंचायत अध्यक्ष रोमा सैनी, डॉ. नाथीराम सैनी, मनोज सैनी, डॉ. रोशन लाल सैनी, सतीश सैनी, जगदीश प्रसाद सैनी, ईश्वर चंद सैनी, इतिहासकार करण सिंह सैनी और राजेश सैनी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला