नैनीताल के निजी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों का होगा सुरक्षा ऑडिट

 


नैनीताल, 24 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में संचालित निजी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा, संरक्षा, स्वास्थ्य तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त निरीक्षण और सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा, सीसीटीवी व्यवस्था, आपदा प्रबंधन सहित 19 बिंदुओं पर जांच की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि गत चार जून को होटल, गेस्ट हाउस, लॉज, होम-स्टे, मॉल, बैंक्वेट हॉल तथा अन्य सार्वजनिक उपयोग के भवनों के सुरक्षा ऑडिट के लिए गठित समितियां अब अपने-अपने क्षेत्राधिकार में संचालित सभी निजी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों का भी संयुक्त निरीक्षण करेंगी। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में शैक्षणिक संस्थानों में हुई अग्नि दुर्घटनाओं और अन्य घटनाओं को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान संस्थानों की मान्यता एवं पंजीकरण, अग्नि अनापत्ति प्रमाण पत्र, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, निकास मार्ग, छात्र क्षमता, आपदा प्रबंधन योजना, मॉक ड्रिल, सीसीटीवी व्यवस्था, छात्राओं की सुरक्षा, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं, प्राथमिक उपचार व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, परिवहन व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव वाहनों की पहुंच सहित विभिन्न सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिक छात्र संख्या वाले संस्थानों का निरीक्षण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार विधिक और प्रशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। सभी समितियों को निरीक्षण पूरा कर 15 दिन के भीतर विस्तृत संयुक्त आख्या जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी