सरकार सफाई कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध : मकवाना
हरिद्वार, 13 जुलाई (हि.स.)। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने आज दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दूसरे दिन सीआर सभागार में सभी शहरी निकायों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सफाई कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने वेतन, ईएसआई, ईपीएफ, श्रम कार्ड, स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा उपकरण और अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कहा कि सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि कर्मचारियों को उनके वैधानिक अधिकार समय पर उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक में नगर निगम हरिद्वार, नगर निगम रुड़की, नगरपालिका शिवालिक नगर तथा नगर पंचायत लक्सर, मंगलौर, ढंडेरा और झबरेड़ा में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों से प्रत्येक निकाय में स्वीकृत और रिक्त पदों, कार्यरत कर्मचारियों, आउटसोर्स कर्मियों तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई।
उपाध्यक्ष ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सफाई कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला चिकित्सालय में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगर निगम हरिद्वार को 20 जुलाई तक सभी पात्र सफाई कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड तैयार कराने के निर्देश दिए। आगामी कुंभ मेले के लिए सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता का प्रस्ताव तैयार करने तथा अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार देने पर भी जोर दिया।
बैठक में ईएसआई कार्ड शीघ्र जारी करने, वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और ईएसआई से संबंधित सभी अभिलेख आयोग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के सामाजिक सुरक्षा लाभों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नगरपालिका शिवालिक नगर की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी सफाई कर्मचारी को बिना नोटिस और स्पष्टीकरण के सेवा से न हटाया जाए तथा सभी कर्मचारियों का वेतन नियमानुसार समय पर दिया जाए।
नगर निगम रुड़की के अधिकारियों को लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने, कर्मचारियों को सुरक्षा जूते, दस्ताने और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को खुले नालों एवं सेफ्टी टैंकों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों का सर्वे कर विस्तृत सूची आयोग को भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि उनके सुरक्षा एवं कल्याण से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला