साध्वी ऋतम्भरा से मिले अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविंद्रपुरी, धर्म और सामाजिक विषयों पर हुई चर्चा
हरिद्वार, 20 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने शनिवार को जगजीतपुर स्थित वात्सल्य गंगा आश्रम में साध्वी ऋतम्भरा से भेंट कर धर्म, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा की। आश्रम पहुंचने पर साध्वी ऋतम्भरा, महंत सत्यश्री महाराज और महंत सत्यशील महाराज ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली साध्वी ऋतम्भरा वर्तमान में हजारों अनाथ बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा और पुनर्वास का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके विवाह तक की जिम्मेदारी निभाकर वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के संरक्षण में महिला संतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
साध्वी ऋतम्भरा ने कहा कि संत समाज का उद्देश्य सनातन धर्म की रक्षा करते हुए समाज को सांस्कृतिक रूप से संगठित करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के नेतृत्व में देशभर का संत समाज एकजुट होकर सनातन परंपरा को कमजोर करने वाले प्रयासों का प्रभावी ढंग से सामना करेगा।
उन्होंने आगामी कुंभ मेले के संदर्भ में कहा कि हरिद्वार में आयोजित होने वाले आयोजन को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए संत समाज प्रयासरत है। धर्म और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ विभिन्न सेवा प्रकल्पों का भी संचालन किया जाएगा।
इस अवसर पर साध्वी चेतना, स्वामी सत्यश्रेय, साध्वी सहृदय, साध्वी शिरोमणि, स्वामी सत्यशील, स्वामी सत्यश्रवा, साध्वी सत्यश्रुति, साध्वी सत्यनिष्ठा, साध्वी सत्य समिधा सहित अनेक संत एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला