सीमावर्ती कुमाऊं के विद्यार्थियों ने राज्यपाल से की मुलाकात, यात्रा अनुभव किए साझा
देहरादून, 24 अगस्त (हि.स.)। ऑपरेशन सद्भावना के तहत राष्ट्रीय एकता यात्रा पर आए सीमावर्ती कुमाऊं क्षेत्र के विद्यार्थियों ने सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) से भेंट की। यह यात्रा 101 फील्ड रेजिमेंट की ओर से 119 स्वतंत्र इन्फैंट्री ब्रिगेड के तत्वावधान में आयोजित की गई है।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से यात्रा के अनुभवों को सहेजकर रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी यात्रा के दौरान खींची गई तस्वीरों को सुरक्षित रखें और प्रतिदिन के अनुभव, सीखी गई बातों तथा नई जानकारियों को नोटबुक में दर्ज करें। उन्होंने विद्यार्थियों से यह भी आत्ममंथन करने को कहा कि यात्रा से पहले उनके जो लक्ष्य थे, उनमें यात्रा के बाद किस प्रकार का बदलाव आया।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने कहा कि केवल सेना में जाने का लक्ष्य पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को सेना के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने का सपना देखना चाहिए। बड़े सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण जरूरी है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और पर्यटन को बढ़ावा मिलने से इन क्षेत्रों की संभावनाएं देश-दुनिया के सामने आई हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने क्षेत्र की विशिष्टता, संस्कृति और संभावनाओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने राज्यपाल के साथ अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए और विभिन्न संस्थानों के भ्रमण और वहां मिली नई जानकारियों के बारे में बताया। राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कर्नल अभिनव शर्मा, लेफ्टिनेंट अनमोल शर्मा, सूबेदार मेजर जीएन भुसारी सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय