कुंभ की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, पांडेवाला में जूना अखाड़े की धूनियां प्रज्वलित
हरिद्वार, 25 नवंबर (हि.स.)। अर्द्धकुंभ मेला-2027 की धार्मिक गतिविधियों का आगाज हो गया है। देव दीपावली के अवसर पर हरिद्वार पहुंची श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात ने पांडेवाला स्थित प्रवास स्थल पर अपनी पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। अखाड़े के इष्टदेव की विधि-विधान से प्रतिष्ठा, चारों दिशाओं में मढ़ियों की स्थापना और धूनियां प्रज्वलित होने के साथ ही संतों की साधना का क्रम शुरू हो गया है। धूनी की पवित्र अग्नि, मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पांडेवाला का वातावरण भक्तिमय हो उठा है।
अखाड़े की परंपरा के अनुसार प्रवास स्थल पर चारों दिशाओं में चार मढ़ियों के तंबू स्थापित किए गए हैं। इनमें धूनी प्रज्वलित कर संतों ने पूजा-अर्चना, जप, ध्यान और तप-साधना शुरू कर दी है। साथ ही अखाड़े के पारंपरिक शस्त्रों को भी स्थापित किया गया है। शास्त्र और शस्त्र को समान महत्व देने वाली अखाड़ा परंपरा में इनका विशेष स्थान है।
रमता पंचों के आगमन पर तीर्थ पुरोहितों के संगठन पंचायती धड़ा फिराहेडियान-1200 की ओर से परंपरागत तरीके से स्वागत किया गया। संगठन के अध्यक्ष सचिन कौशिक, मंत्री उमाशंकर वशिष्ठ और कोषाध्यक्ष अनिल कौशिक ने अखाड़े के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रवास संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।
उधर, मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर मेला प्रशासन के अधिकारियों ने भी पांडेवाला पहुंचकर रमता पंचों और अखाड़े के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान प्रवास स्थल की व्यवस्थाओं, आगामी धार्मिक आयोजनों और कुंभ छावनी की स्थापना को लेकर चर्चा की। चर्चा में अखाड़े के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी, राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत शैलेन्द्र गिरी और सचिव श्रीमहंत कंचन गिरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
श्रीमहंत कंचन गिरी ने कहा कि रमता पंचों के नगर प्रवेश के साथ ही कुंभ की धार्मिक गतिविधियों का विधिवत आगाज हो गया है। आने वाले दिनों में अखाड़े की परंपरा के अनुसार धर्मध्वजा स्थापना, पेशवाई सहित विभिन्न धार्मिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुंभ सनातन संस्कृति का सर्वोच्च महापर्व है। इसके दिव्य और भव्य आयोजन के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
अन्य अखाड़ों की गतिविधियां भी जल्द होंगी शुरू
जूना अखाड़े के रमता पंचों के प्रवास के साथ ही कुंभनगरी में अखाड़ों की पारंपरिक गतिविधियों का क्रम शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में अन्य अखाड़े भी अपनी परंपराओं के अनुसार छावनी स्थापना, धर्मध्वजा और धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां शुरू करेंगे। इससे हरिद्वार में साधु-संतों और श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ेगी तथा कुंभ का पारंपरिक स्वरूप धीरे-धीरे आकार लेने लगेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला