सिविल अस्पताल में लावारिस मिला ढाई साल का मासूम, परिजनों का नहीं चला पता

 


रुड़की, 25 अगस्त (हि.स.)। सिविल अस्पताल रुड़की में मंगलवार दोपहर बाद अल्ट्रासाउंड केंद्र के पास करीब ढाई साल का मासूम रोता-बिलखता मिला। बच्चे को लावारिस देख अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ ने मरीजों से पूछताछ की, लेकिन परिजनों का पता नहीं चला।

सूचना पर सीएमएस डॉ. एके मिश्रा के निर्देश पर मासूम को इमरजेंसी में लाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

फिलहाल बच्चा चिकित्सकों की निगरानी में सुरक्षित है।

परिजनों का पता न चलने पर अस्पताल प्रबंधन ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया, ताकि पता चल सके कि बच्चे को कौन छोड़कर गया।

सीएमएस डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है और चाइल्ड हेल्पलाइन को भी सूचना दे दी गई है, ताकि मासूम की सुरक्षा और परिजनों की पहचान सुनिश्चित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला