राष्ट्रीय रोजगार मेले में उत्तराखंड के 249 युवाओं को नियुक्ति पत्र

 


देहरादून, 19 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय रोजगार मेले के 20वें संस्करण के तहत शनिवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के 249 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र दिए गए। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

देहरादून में नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में आयकर विभाग, वित्त मंत्रालय के सर्वाधिक 121 अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के 53, भारतीय रेल के 30, डाक विभाग के 20, प्रधान नियंत्रक रक्षा लेखा/नियंत्रक रक्षा लेखा के 18, भारतीय सर्वेक्षण विभाग के पांच, भारतीय प्रबंधन संस्थान के एक और गृह मंत्रालय के एक अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र दिया गया।

कार्यक्रम में अजय टम्टा ने नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों में सेवा से जुड़ना उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल को लगातार विकसित करने और प्रभावी जनसेवा के माध्यम से विकसित भारत@2047 के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय