ई-रिक्शा में सवारी को नुकीली वस्तु दिखाकर लूटा, तीन आरोपित गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 14 सितंबर (हि.स.)। सिडकुल क्षेत्र में ई-रिक्शा में सवारी लूटने के मामले का रानीपुर पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई 10 हजार नकद, आधार-पैन कार्ड, जूते और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा व लोहे के औजार बरामद किए हैं। एसपी सिटी अभय कुमार ने पत्रकार वार्ता में जानकारी दी।

12 सितंबर की रात पवन कुमार निवासी महादेवपुरम राजा बिस्किट चौक से ई-रिक्शा में हरिद्वार जा रहा था। सेक्टर-4 से आगे केवी स्कूल की ओर सुनसान रास्ते पर चालक और पहले से बैठे दो युवकों ने नुकीली वस्तु लगाकर उससे 10 हजार, बैग, कपड़े, जूते और दस्तावेज लूट लिए।

शिकायत पर रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली।

13 सितंबर की रात लीडो क्लब की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर संदिग्ध ई-रिक्शा में तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी में पीड़ित का सामान, नकद और लोहे का फर्सा व एंगल बरामद हुआ। लूटी गई जींस आरोपी आयुष ने पहनी थी।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात में अकेली सवारी को सुनसान जगह ले जाकर लूटते थे। लालच, नशा और शौक पूरे करने के लिए वारदात की थी।

गिरफ्तार आरोपी श्रवण कुमार (19) निवासी शाहजहांपुर हाल सिडकुल बाईपास, विजय (20) निवासी बरेली हाल रावली महदूद और आयुष उर्फ अनिकेत (20) निवासी धामपुर बिजनौर हाल रावली महदूद हैं। विजय पर 2024 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला