लूट की साजिश रचने वाली महिला गिरफ्तार, 10 हजार रुपये बरामद
हरिद्वार, 29 जुलाई (हि.स.)।हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत लक्सर कोतवाली पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए घटना की मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूट की रकम में से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम सिहचंडी निवासी इमरान ने 20 जुलाई को तहरीर दी थी कि 14 जुलाई को चार अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए 1 लाख रुपये लूट लिए। इस पर लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
इस मामले में सीओ प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी, मुखबिर और मैनुअल जांच के आधार पर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि पूरी साजिश एक महिला ने रची थी। पूछताछ में महिला ने बताया कि इमरान उसके पास भैंस खरीदने आया था और उसके पास 1 लाख नकद थे। लालच में आकर उसने साथी को व्हाट्सएप कॉल कर जानकारी दी और नियामतपुर मार्ग पर लूट की योजना बनवाई। वारदात के बाद उसे 20 हजार रुपये मिले थे। पुलिस कार्रवाई के डर से वह फरार हो गई थी।
पुलिस ने 28 जुलाई को महिला को लक्सर से हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल किया। उससे 10 हजार रुपये बरामद हुए हैं। महिला के खिलाफ कार्रवाई कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला