रोड रेज व हुड़दंग पर सख्त मुख्य सचिव, पीक ऑवर-नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने के दिए निर्देश
देहरादून, 31 मार्च (हि. स.)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शहर में बढ़ती रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस और प्रशासन को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में पीक ऑवर के दौरान और रात में पुलिस गश्त को प्रभावी ढंग से बढ़ाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
मुख्य सचिव ने सप्ताहांत के दौरान शहर में बढ़ती भीड़ और पार्टी कल्चर को देखते हुए सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देहरादून को किसी भी स्थिति में हुड़दंगियों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बार और रेस्टोरेंट के निर्धारित क्लोजिंग टाइम को सख्ती से लागू कराने पर जोर देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने हुड़दंगियों की पहचान हो सके, इसके लिए किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का भी सघन सत्यापन अभियान चलाया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली-देहरादून हाईवे के खुलने के बाद सप्ताहांत में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे कानून-व्यवस्था की चुनौतियां भी बढ़ सकती हैं। ऐसे में पुलिस और प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए अभी से व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करनी होंगी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें।
इस अवसर पर डीजीपी दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगौली, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय