सीवरेज कार्य के चलते खोदी सड़कों पर सख्ती, चारधाम यात्रा से पहले मरम्मत तेज
हरिद्वार, 12 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार में सीवरेज निर्माण कार्य के चलते खोदी गई सड़कों से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर अब सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य दिन-रात तेज गति से कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी खुदी हुई सड़कों की मरम्मत हर हाल में पूरी की जाए, ताकि यात्रियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल (निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई, गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम) ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत कार्य तेजी से चल रहा है। 11 अप्रैल को दोनों पैकेजों के अंतर्गत कुल 710 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया।
प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य के शीघ्र पूरा होने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार सभी कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है और तय समय सीमा में पूरा करने के लिए अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला