तेज रफ्तार वाहन ने छीनी युवक की जिंदगी, चालक वाहन सहित फरार

 


हरिद्वार, 23 जून (हि.स.)। पिरान कलियर में धनौरी रोड पर नूर बीबी दरगाह के सामने मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अयान (19) पुत्र उम्मीद, निवासी उदपुर जनपद शामली (उत्तर प्रदेश), इन दिनों अपने ननिहाल महमूदपुर में रह रहा था।

आज सुबह वह महमूदपुर से औरंगाबाद स्थित आम के बगीचे में काम करने जा रहा था। तभी नूर बीबी दरगाह के सामने किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला