सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, सात घायल

 


देहरादून, 21 अप्रैल (हि.स.)। टिहरी के कोडियाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए।

व्यासी चौकी से एसडीआरएफ टीम को सूचना मिली थी कि कोडियाला के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि सरिया से लदा एक भारी ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जिसमें एक कार जा टकराई। कार में चालक सहित कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे। दुर्घटना में 55 वर्षीय धूमा देवी (पत्नी स्व. दिलवर सिंह) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उनका शव वाहन में बुरी तरह फंस गया था। एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू उपकरण की मदद से कार को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। अन्य सभी घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक से टक्कर को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय