देहरादून में सड़क हादसा, ट्रक में फंसे व्यक्ति को रेस्क्यू कर बचाया

 


देहरादून, 18 अप्रैल (हि. स.)। जनपद देहरादून के मोहबेवाला, आईएसबीटी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक कार और ट्रक की टक्कर में सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में एक व्यक्ति ट्रक में फंस गया, जिसे राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाला।

मिली जानकारी के अनुसार सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक लक्ष्मी रावत के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि कार में सवार घायलों को जिला पुलिस की ओर से पहले ही अस्पताल भेज दिया गया था। इसके बाद टीम ने ट्रक में फंसे व्यक्ति जुनैद (निवासी बागपत) को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया। एसडीआरएफ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय