डंपर ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत
हरिद्वार, 29 जून (हि.स.)।हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नजदीक अस्थाई वन वे मार्ग पर आज सुबह 10 बजे के करीब मिट्टी से भरे डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए और सिर पर लगा हेलमेट भी टूटकर बिखर गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से थोड़ी दूर डंपर को खड़ा कर फरार हो गया। मृतक की पहचान ऋतिक कुमार (30 वर्ष) पुत्र राजकुमार निवासी खुशहालपुर मठेरी, नगीना, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर जा रहा था, जबकि मिट्टी से भरा डंपर नजीबाबाद से आ रहा था। घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भिजवाया। डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला