कंटेनर ट्रक के नीचे फंसी कार, चार लोग गंभीर घायल
देहरादून, 04 नवंबर (हि.स.)। देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार को कंटेनर ट्रक और कार की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार कंटेनर के नीचे फंस गई। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कार सवारों को बाहर निकाला। कार में सवार छह वर्षीय बच्चे को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस के अनुसार,बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कोतवाली पटेलनगर को मोहब्बेवाला चौक पर दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस बल और अग्निशमन कर्मी आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की पहचान मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), उनकी मां किरण कपूर (63) और कार चालक नीरज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, कार सवार परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय