गंगाजल लेने हरिद्वार जा रहे चार युवकों को वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत

 


हरिद्वार, 15 अगस्त (हि.स.)। रुड़की क्षेत्र में शनिवार को गंगाजल लेने हरिद्वार जा रहे चार युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को चारों युवक दो बाइकों पर भगवानपुर की ओर से हरिद्वार जा रहे थे। हकीमपुर तुर्रा गांव के पास अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे में नन्हे लाल पुत्र चेतराम, निवासी बंदायू, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई।

बृजपाल पुत्र रामपाल, निवासी बरेली और साहिब सिंह पुत्र जगदीश, निवासी बंदायू गंभीर रूप से घायल हैं। सन्दीप पुत्र जगदीश को साधारण चोटें आई हैं। सभी युवक हिमाचल प्रदेश में रहते थे।

सूचना पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही हैं।

-

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला