दून में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत, कई घायल

 


देहरादून, 20 मार्च (हि.स.)। जनपद में गुरुवार की रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपित वाहन चालकों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में देर शाम एक तेज रफ्तार इनोवा कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी। आरोपी चालक गुनीत सिंह (43) निवासी इंदर रोड ने पहले डीएल रोड पर एक कार को टक्कर मारी, इसके बाद भागते हुए एक स्कूटी और मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी।

हादसे में स्कूटी सवार राहुल और बाइक सवार रोहित फिलिप्स (48) व उनके पुत्र अनुज फिलिप्स (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान रोहित फिलिप्स की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और अंततः ओल्ड सर्वे रोड स्थित एक मकान के गेट को तोड़ते हुए परिसर में जा घुसा, जिससे वहां खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है।

पटेलनगर में ट्रक की टक्कर से एक की मौत

दूसरी घटना कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में सामने आई। जहां सिटी कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि कमला पैलेस के पास एक ट्रक ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को तत्काल पकड़ लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। हादसे में घायल व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित चालकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय