रुड़की में बस की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूरों की मौत

 


रुड़की, 03 अगस्त (हि.स.)। हरिद्वार जनपद के रुड़की में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा हरिद्वार हाईवे पर कोर कॉलेज के पास हुआ, जहां कंपनी कर्मचारियों को लेने जा रही एक बस ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान महबूब (45), निवासी बेलड़ा, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की और राशिद, निवासी मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। दोनों मजदूर रोज की तरह सोमवार सुबह काम पर जाने के लिए बाइक से निकले थे, लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों को पुलिस की ओर से घटना की जानकारी दे दी गई है।

सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि बस चालक को हिरासत में लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला